माघ मेला 2026: पौष पूर्णिमा के पावन स्नान के साथ संगम तट पर ‘आस्था का समागम’ शुरू; CM योगी ने किया अभिनंदन

Sandesh Wahak Digital Desk: तीर्थराज प्रयाग में आज से विश्व प्रसिद्ध माघ मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर कड़ाके की ठंड और कोहरे के बावजूद लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसी के साथ संगम की रेती पर कल्पवासियों का एक माह का कठिन ‘कल्पवास’ भी शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों का स्वागत किया। उन्होंने लिखा “पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों और कल्पवासियों का हार्दिक अभिनंदन। मां गंगा, यमुना और सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें।” मुख्यमंत्री ने इस बार माघ मेले के लिए एक विशेष प्रतीक चिह्न (Logo) भी जारी किया है।

इस बार की खास तैयारियां और सुविधाएं

प्रशासन ने इस वर्ष मेले के स्वरूप को और अधिक विस्तृत और सुविधाजनक बनाया है। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के अनुसार, इस बार 10,000 फीट क्षेत्र में 10 बड़े स्नान घाट बनाए गए हैं (पिछली बार यह क्षेत्र 8,000 फीट था)। बिजली विभाग ने तकनीकी नवाचार करते हुए क्यूआर (QR) कोड आधारित व्यवस्था शुरू की है। श्रद्धालु खंभों पर लगे कोड को स्कैन कर अपनी शिकायत सीधे दर्ज कर सकते हैं। 20 से 30 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और जल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

कल्पवास का शुभारंभ

पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ ही हजारों श्रद्धालु रेती पर बनी अपनी झोपड़ियों (पर्णकुटी) में प्रवेश कर चुके हैं। अगले एक महीने तक वे त्याग, तपस्या और सात्विक आहार के साथ संगम तट पर निवास करेंगे। प्रशासन ने सभी कल्पवासियों के लिए निर्बाध बिजली, पानी और राशन की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

Also Read: भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की अंत्येष्टि आज, श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचेंगे CM योगी, शहर में भारी रूट डायवर्जन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.