महाकुंभ: माघी पूर्णिमा स्नान शुरू, वॉर रूम में डटे CM योगी, ले रहे पल-पल का अपडेट
Sandesh Wahak Digital Desk: माघ पूर्णिमा के विशेष अवसर पर संगम में स्नान की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह चार बजे से लखनऊ स्थित अपने आवास से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ डीजीपी प्रशांत कुमार और अन्य प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं।

सीएम योगी ने एक दिन पहले अधिकारियों के साथ बैठक कर माघी पूर्णिमा के आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रयागराज और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए कदम उठाने का आदेश दिया था।

इस पर्व पर भक्तों के लिए आने-जाने की सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेन और बसों का इंतजाम किया गया है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि महाकुंभ के मुख्य स्नान पर्व के लिए 1200 अतिरिक्त ग्रामीण बसें आवंटित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि पहले से 3050 बसें आवंटित की गई थीं, और माघी पूर्णिमा के बाद के दिनों के लिए 1200 बसों को रिजर्व में रखा गया है। इसके अलावा, संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से पहुंचाने के लिए 750 शटल बसें भी चलाई जा रही हैं।

परिवहन मंत्री ने चालकों और परिचालकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे काफी मेहनत कर रहे हैं, जिससे महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई दिक्कत नहीं हो रही है। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में स्नान पर्व के अलावा सामान्य दिनों में भी श्रद्धालुओं को बसों की कोई समस्या न हो।
Also Read: Lucknow News: राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन, SGPGI में ली अंतिम सांस

