Mahakumbh 2025: महाकुंभ में रवीना टंडन ने बेटी राशा संग लगाई आस्था की डुबकी, गंगा आरती में हुईं शामिल
Mahakumbh 2025: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 में बॉलीवुड सितारों का आगमन जारी है। सोमवार, 24 फरवरी को मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन अपनी बेटी राशा थडानी और कुछ करीबी दोस्तों के साथ कुंभ में शामिल हुईं। उन्होंने परमार्थ निकेतन आश्रम में स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती का आशीर्वाद लिया। इस दौरान रवीना और राशा ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई और गंगा आरती में भाग लिया।
गंगा आरती में दिखी मां-बेटी की जोड़ी

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रवीना और राशा भजन संध्या में लीन नजर आ रही हैं। इस धार्मिक यात्रा के दौरान रवीना टंडन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “यह कुंभ 144 साल बाद आया है। इसलिए, मैं और मेरे दोस्त मुंबई से यहां आए हैं। हम सिर्फ गंगा स्नान के लिए नहीं बल्कि अपने घर भी आए हैं। स्वामी जी का घर मेरा घर है, मेरे बच्चों का घर है।” बता दे, रवीना ने यह भी बताया कि महाकुंभ के बाद वह काशी जाएंगी और वहां महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाएंगी।
कैटरीना कैफ भी सास के साथ पहुंचीं कुंभ

इससे पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ भी अपनी सास वीना कौशल के साथ महाकुंभ में पहुंची थीं। उन्होंने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। कैटरीना और रवीना ने स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
26 फरवरी को होगा महाशिवरात्रि स्नान
महाकुंभ मेला 2025 की शुरुआत 13 जनवरी को हुई थी, जो 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के महास्नान के साथ समाप्त होगा। कुंभ के इस पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से प्रयागराज पहुंचे हैं, जहां वे मोक्ष और आध्यात्मिक शुद्धि की कामना के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान कर रहे हैं।

