सिद्धार्थनगर में ‘बुद्धा राइस’ का महाकुंभ: मंत्री राकेश सचान ने कहा- कालानमक चावल भगवान बुद्ध का प्रसाद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दो दिवसीय कालानमक चावल (बुद्धा राइस) द्वितीय क्रेता विक्रेता सम्मेलन का शुभारंभ आज बीएसए ग्राउंड में हुआ। इस सम्मेलन का उद्घाटन मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग राकेश सचान ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि मंत्री राकेश सचान ने इस अवसर पर कालानमक चावल के महत्व को रेखांकित किया। “हम लोग भगवान गौतम बुद्ध की धरती पर उपस्थित हुए हैं, जहां से शांति, अहिंसा और करुणा का संदेश पूरे विश्व में गया है। कालानमक चावल भगवान गौतम बुद्ध का प्रसाद है जिसकी खुश्बू देश-विदेश में पहुंच रही है।”

मंत्री ने कहा कि कालानमक चावल को बढ़ावा देने के लिए एक सीएफसी (कॉमन फैसिलिटी सेंटर) स्थापित की गई है और किसानों के लाभ के लिए दो और सीएफसी स्थापित कराई जाएंगी, जिन पर राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

युवाओं को बिना ब्याज लोन

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी सरकार ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) योजना और युवा उद्यमी विकास योजना संचालित कर रही है, जिसके तहत उद्योग स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि इस सम्मेलन का आयोजन कालानमक चावल के उत्पादन बढ़ाने, ब्रांडिंग और निर्यात के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने जी-20 सम्मेलन में आने वाले लोगों को भी कालानमक चावल भेंट किया था और यह चावल शुगर के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने जोर दिया कि सीएफसी सही ढंग से कार्य करे और जनपद के किसानों के कालानमक चावल को खरीदकर उसकी ब्रांडिंग की जाए, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का अच्छा मूल्य प्राप्त हो।

विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कालानमक चावल को ओडीओपी में चुना जाना सराहनीय है, यह भगवान बुद्ध का महा प्रसाद है। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि सिद्धार्थनगर अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भगवान गौतम बुद्ध और कालानमक चावल के नाम से जाना जाता है।

अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, विधायक माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक श्यामधनी राही, विधायक विनय वर्मा, विधायक सैय्यदा खातून, पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह समेत बड़ी संख्या में क्रेता, विक्रेता, वैज्ञानिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Mau News: महिला समूह बनाने के नाम पर लाखों की ठगी, 10 लाख का लिया लोन, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.