Mahakumbh: स्कूल-रेलवे स्टेशन बंद, मेला क्षेत्र नो व्हीकल जोन घोषित, पढ़िए पूरा अपडेट

Sandesh Wahak Digital Desk: महाकुंभ के 36वें दिन भी संगम पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। रविवार को एक करोड़ 49 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। सोमवार को भी श्रद्धालुओं का रेला संगम की ओर बढ़ता रहा, जिससे पिछले दो दिनों में स्नान करने वालों की संख्या रोजाना एक करोड़ से भी अधिक हो गई है।

भीड़ के कारण प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रयागराज जिले के सभी हिंदी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को 20 फरवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, संगम क्षेत्र में आने-जाने वाली यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए 28 फरवरी तक प्रयागराज संगम स्टेशन (दारागंज) को बंद रखने की घोषणा की गई है। साथ ही, मंगलवार तक महाकुंभ मेला क्षेत्र को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया गया है।

भीड़ को नियंत्रण के लिए बनाए गए अस्थाई होल्डिंह प्वाइंट्स

रेलवे ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रयागराज के लिए 117 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी होल्डिंग प्वाइंट्स भी बनाए हैं, ताकि ट्रेनों के निर्धारित समय से पहले यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर रोकने में मदद मिल सके। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खुसरो बाग में होल्डिंग एरिया बनाया गया है।

महाकुंभ मेले में आने वाली ट्रेनों का शेड्यूल भी पुनर्निर्धारित किया गया है, जिससे बिना शेड्यूल वाली ट्रेनों के यात्रियों को पहले ही स्टेशन पर आने से रोका जा सके। बढ़ती भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए, प्रयागराज के हाईवे और प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रयागराज जोन के एडीजी (ADG Zone) ने कहा कि आगामी नाइट शिफ्ट पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण होगी और सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Also Read: यूपी विधानसभा बजट सत्र से पहले सपा की अहम बैठक, अखिलेश की अध्यक्षता में तय होगा पार्टी का एजेंडा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.