NEET में अपेक्षा से कम अंक मिलने पर छात्र ने की आत्महत्या, महराजगंज में फंदे से लटका मिला शव

Sandesh Wahak Digital Desk: महराजगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय छात्र ने NEET परीक्षा में उम्मीद से कम रैंक आने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान शाकिब सैफ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोरखपुर जिले के चिलबिलवा गांव का रहने वाला था और मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए महराजगंज में रह रहा था।

फांसी के फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात शाकिब का शव सदर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उसके किराए के कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने बताया कि NEET 2025 का परिणाम शनिवार को जारी हुआ था, जिसमें शाकिब को अखिल भारतीय रैंक 9561 प्राप्त हुई थी। इस रैंक से वह बेहद निराश था।

थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शाकिब के आत्महत्या करने के पीछे प्रारंभिक कारण NEET में अपेक्षा से कम अंक आना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, रास्ते में तोड़ा दम

जब शाकिब के परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा, तो तत्काल नीचे उतारकर केएमसी अस्पताल महराजगंज ले गए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन शव को लेकर गोरखपुर स्थित अपने पैतृक गांव चिलबिलवा पहुंच गए। इसी बीच, ट्विटर के माध्यम से किसी व्यक्ति ने पुलिस को छात्र की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महराजगंज सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय और उनकी टीम गोरखपुर रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से शव को वापस महराजगंज लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

मानसिक दबाव की शिकार होती युवा पीढ़ी

इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर कितना भारी पड़ता है। शाकिब की मौत ने एक होनहार युवा की ज़िंदगी को समय से पहले खत्म कर दिया और उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

Also Read: Meerut : 25 हजार का इनामी बदमाश वसीम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस फायरिंग में घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.