महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्लाह पटेल की मस्जिद में हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजनीति में उस वक्त शोक और तनाव की लहर दौड़ गई, जब खबर मिली कि पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और कांग्रेस नेता हिदायतुल्लाह पटेल (66) अब हमारे बीच नहीं रहे। मंगलवार दोपहर उन पर हुए जानलेवा हमले के बाद, बुधवार सुबह अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
मस्जिद के भीतर हुआ हमला
यह पूरी घटना अकोला जिले के अकोट तालुका के मोहाला गांव की है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे हिदायतुल्लाह पटेल गांव की जामा मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वे नमाज खत्म कर मस्जिद से बाहर निकलने वाले थे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावर ने उन पर हमला बोल दिया।
पुलिस ने बताया कि हमलावर ने उनके सीने और गले पर चाकू से कई बार ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद हिदायतुल्लाह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्थानीय लोग उन्हें मस्जिद से बाहर ले जाते हुए दिख रहे हैं। उन्हें तुरंत अकोला के एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया, लेकिन शरीर से अधिक खून बह जाने के कारण बुधवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश और आरोपी की गिरफ्तारी
अकोला पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए मंगलवार रात करीब 8 बजे ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय उबेद खान कालू खान के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हिदायतुल्लाह और आरोपी के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे इस हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हिदायतुल्लाह पटेल इलाके के कद्दावर नेता थे और 2019 में अकोला लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके थे। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अकोट कस्बे और आसपास के गांवों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मस्जिद से जरूरी सबूत जुटा लिए हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Also Read: ईरान में प्रदर्शनों के दौरान 5 बच्चों समेत 27 की मौत, सड़कों पर उतरा जनसैलाब

