महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के काफिले की गाड़ी से टक्कर, बाइक सवार एक ही परिवार के 4 लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के काफिले में शामिल एक वाहन शनिवार को बीड जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। यह दुर्घटना धुनकावाड़ फाटा इलाके में तेलगांव-धारुर मार्ग पर हुई।

टक्कर के बाद पलट गई काफिले की गाड़ी

अजित पवार धारुर के रास्ते लातूर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, उनके काफिले में शामिल एक चार पहिया वाहन (MH 02 GH 5732) ने धुनकावाड़ जंक्शन के पास एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार विष्णु दामोदर सुदे, उनकी पत्नी कुसुम सुदे और उनकी दो बेटियाँ सड़क पर गिर गए और चारों को गंभीर चोटें आईं।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि न सिर्फ दोपहिया वाहन चकनाचूर हो गया, बल्कि काफिले का चार पहिया वाहन भी पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि यह दुर्घटना काफिले की गाड़ी चला रहे चालक की लापरवाही के कारण हुई। हादसे में अजित पवार का एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

घायलों में एक की हालत नाजुक

हादसे के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए धारुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। गंभीर चोटों के कारण सभी घायलों को आगे के इलाज के लिए अंबाजोगाई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।

Also Read: सिर्फ गांठ ही नहीं, ये 5 लक्षण भी देते हैं ब्रेस्ट कैंसर संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.