महाराष्ट्र को मिला नया राज्यपाल, आचार्य देवव्रत ने ली शपथ
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र को सोमवार को नया राज्यपाल मिल गया। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। आचार्य देवव्रत ने सीपी राधाकृष्णन की जगह ली है, जिन्होंने भारत के उपराष्ट्रपति पद संभालने के लिए इस्तीफा दिया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सीपी राधाकृष्णन द्वारा इस्तीफा देने के बाद आचार्य देवव्रत को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई
इसी बीच, एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन 9 सितंबर को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए। उन्होंने 452 वोट हासिल किए, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद राधाकृष्णन ने महात्मा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और चौधरी चरण सिंह की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद संसद भवन पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्रियों और राज्यसभा उपसभापति हरिवंश ने उनका स्वागत किया।
Also Read: Lucknow News: फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट, पूर्व मंत्री कौशल किशोर को लेकर मचा बवाल

