Varanasi News: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कबड्डी प्रतियोगिता, शीएट पीजी कॉलेज बना चैंपियन

Sandesh Wahak Digital Desk: सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गहनी आयर, वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा आयोजित अन्तर महाविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता (पुरूष) का सफल आयोजन किया गया। इस रोमांचक एक दिवसीय प्रतियोगिता में शीएट पीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता, जबकि महादेव पीजी कॉलेज उपविजेता रहा।

उद्घाटन और स्वागत समारोह

प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव राजेश यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि दशरथ पाल मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के रूप में डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह और चयनकर्ता डॉ. अमित कुमार और डॉ. बीना सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

महाविद्यालय के उप-प्रबंधक नवीन कुमार सिंह और प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण देते हुए नवीन कुमार सिंह ने खेलों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “खेल हमें अनुशासित करते हैं। इसके माध्यम से ही हम टीम वर्क, नेतृत्व, निर्णय क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखते हैं।”

फाइनल मुकाबला और परिणाम

इस प्रतियोगिता में कुल 12 महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें जगत पुर, हरिश्चंद्र, बलदेव, ओबरा, संत अतुलानन्द, जीवन दीप, बीआईटीई, माँ खंडवारी, अशोका इंस्टीट्यूट और जी डी विनानी पीजी कॉलेज की टीमें शामिल थीं।

पहला सेमीफाइनल मुकाबला शीएट पीजी कॉलेज और बीआईटीई कॉलेज के बीच हुआ, जबकि दूसरा सेमीफाइनल महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम और महादेव पीजी कॉलेज के बीच खेला गया। खिताबी मुकाबला शीएट पीजी कॉलेज, गहनी आयर और महादेव पीजी कॉलेज के बीच हुआ। एकतरफा मुकाबले में शीएट पीजी कॉलेज की टीम ने 26-13 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

पुरस्कार वितरण और समापन

मुख्य अतिथि राजेश यादव ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही निर्णायक मंडल के सदस्यों और काशी विद्यापीठ से उपस्थित डॉ. दिनेश सिंह, महादेव पीजी कॉलेज के टीम मैनेजर डॉ. धर्मेन्द्र सहित शीएट पीजी कॉलेज के डॉ. संजीव सिंह, डॉ. अरविन्द सिंह और डॉ. सुजीत कुमार सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरभि श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवीन कुमार सिंह ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, प्राध्यापिका और छात्र/छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

रिपोर्ट : मदन मुरारी पाठक

 

Also Read: एक तरफ झूठी धमकी, दूसरी तरफ ‘डिजिटल अरेस्ट’: लखनऊ में साइबर ठगी और एयरपोर्ट अलर्ट से हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.