फिल्म छावा’ की सफलता महेश मांजरेकर का बयान बोले- विक्की कौशल नहीं, संभाजी महाराज की विरासत ने रचा इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई करते हुए 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यह ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। फिल्म में विक्की कौशल ने संभाजी महाराज की भूमिका निभाई है, वहीं रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा और दिव्या दत्ता जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी अहम किरदार निभाए हैं।

महेश मांजरेकर ने दिया ये बयान

इस ऐतिहासिक सफलता पर अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर ने अपनी बेबाक राय रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘छावा’ की सफलता का श्रेय अभिनेता विक्की कौशल को नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक किरदार को जाता है जिसे उन्होंने निभाया।

“लोग विक्की कौशल को देखने नहीं, बल्कि संभाजी महाराज को देखने थिएटर गए,” मांजरेकर ने मिर्ची मराठी को दिए एक इंटरव्यू में कहा। उन्होंने आगे बताया कि अगर दर्शक वाकई सिर्फ विक्की कौशल को देखने आते, तो उनकी पिछली फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन किया होता।

महेश मांजरेकर ने महाराष्ट्र के योगदान को बताया महत्वपूर्ण

महेश मांजरेकर ने महाराष्ट्र के योगदान को भी रेखांकित किया। उनके अनुसार, फिल्म की सफलता में महाराष्ट्र की जनता की भावनात्मक जुड़ाव की बड़ी भूमिका रही है। “मेरे महाराष्ट्र ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को बचाया है। छावा की सफलता का 90% श्रेय पुणे और आसपास के क्षेत्रों को जाता है,” मांजरेकर ने कहा।

फिल्म ‘छावा’ बना मराठा इतिहास का प्रतीक

बता दे, छावा न सिर्फ एक फिल्म बनकर उभरी है, बल्कि यह मराठा इतिहास और संस्कृति के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना का प्रतीक बन गई है। विक्की कौशल द्वारा निभाया गया संभाजी महाराज का किरदार दर्शकों के दिलों को छू गया है, लेकिन मांजरेकर के बयान ने यह साफ कर दिया है कि असली नायक इस फिल्म में चरित्र और इतिहास ही हैं।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.