महिमा चौधरी ने कर ली दूसरी शादी! संजय मिश्रा संग स्टेज पर पहनाई वरमाला
Sandesh Wahak Digital Desk: 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री महिमा चौधरी ने दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा के साथ दूसरी शादी करके सबको चौंका दिया है। दोनों कलाकारों ने गुरुवार को न केवल मीडिया के सामने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, बल्कि शादी की पारंपरिक रस्में भी निभाईं।
चूंकि दोनों ही कलाकार पहले से शादीशुदा हैं, इसलिए फैंस के मन में सवाल उठना लाजमी है। दरअसल, यह पूरा आयोजन उनकी आगामी फिल्म के प्रमोशन का एक बेहद अनोखा तरीका था, जिसे ‘प्रोमोशनल गिमिक’ कहा जाता है।
शादी के मंत्रों पर डर गईं महिमा
फिल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ का ट्रेलर गुरुवार को लॉन्च किया गया। इसी इवेंट में महिमा चौधरी और संजय मिश्रा ने स्टेज पर नकली शादी का सीन दोहराया। जैसे ही दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, पास बैठे एक शख्स ने माइक लेकर शादी के मंत्र पढ़ने शुरू कर दिए। यह सुनकर महिमा डर गईं और तुरंत पूछा, मंत्र क्यों पढ़ रहे हो, ये मंत्र शादी वाले असली मंत्र तो नहीं हैं? यह सुनकर वहाँ मौजूद सभी लोग हँस पड़े।
फिल्म का ट्रेलर काफी मज़ेदार और भावनात्मक दोनों है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि दुर्लभ प्रसाद (संजय मिश्रा) अपने बेटे की शादी कराने के लिए खुद दूसरी शादी करने को तैयार होते हैं। वजह यह है कि लड़की के परिवार की शर्त है कि जब तक दूल्हे के घर में कोई महिला नहीं होगी, वे अपनी बेटी की शादी नहीं करेंगे।
दुर्लभ प्रसाद के लिए दुल्हन की तलाश शुरू होती है और एंट्री होती है महिमा चौधरी की। महिमा को सिगरेट और शराब पीने की आदत है, जिसे दुर्लभ अपनी समझदारी से छुड़ाने की कोशिश करते हैं। फिल्म में बड़ा ट्विस्ट तब आता है जब ट्रेलर के अंत में दुर्लभ प्रसाद और महिमा चौधरी का एक वीडियो सामने आता है, जिसकी वजह से उनके बेटे की शादी भी टूट जाती है।
Also Read: सच्ची राष्ट्रसेवा है भारतीय मूल्यों पर शिक्षा: ले. जनरल योगेंद्र डिमरी

