आगरा पुलिस मुठभेड़ में ज्वैलर्स हत्याकांड का मुख्य आरोपी ढेर, भाई की तलाश जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आगरा में श्रीबालाजी ज्वैलर्स के शोरूम में हुई सनसनीखेज लूट और सराफा कारोबारी योगेश चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह सिकंदरा थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अमन मारा गया। पुलिस ने बदमाशों को अंसल एपीआई के पास घेर लिया था, जिसके बाद हुई गोलीबारी में अमन को गोली लगी और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
गौरतलब है कि दो मई को बाइक सवार दो बदमाशों ने बालाजी ज्वैलर्स के शोरूम में दिनदहाड़े लूटपाट की थी और 22 लाख रुपये से अधिक के जेवरात लूट लिए थे। भागते समय बदमाशों ने शोरूम के सामने ही सराफा कारोबारी योगेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिससे व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया था और पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था।
500 से ज्यादा खंगाले सीसीटीवी फुटेज
इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में पता चला कि वारदात के बाद बदमाश बिचपुरी ब्लॉक के एक गांव में पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक तीसरे साथी का चेहरा भी साफ नजर आया था।
मंगलवार सुबह पुलिस ने बिचपुरी के मघटई निवासी मुख्य आरोपी अमन को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और अमन मारा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक बदमाश के भाई की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।
इस मुठभेड़ पर समाजवादी पार्टी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर बताया है और भाजपा सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस मृतक युवक को यादव बताकर प्रचारित कर रही है और सपा को बदनाम करने की साजिश रच रही है, जबकि मृतक किसी अन्य जाति का है। फिलहाल, पुलिस इस मुठभेड़ और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
Also Read: Gonda News: चौकी पर फरियाद लेकर गयी तो पति का ही कर दिया चालान, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार

