मैनपुरी: काजू के छिलकों की आड़ में चल रहा था करोड़ों का खेल, ANTF ने ऐसे किया पर्दाफाश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दबोचा है। तस्कर उड़ीसा से ट्रक में काजू के छिलकों के नीचे छिपाकर भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहा था।

घेराबंदी और भारी बरामदगी

ANTF की मेरठ यूनिट ने शुक्रवार को मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में जाल बिछाया। कानपुर से एटा जाने वाली सड़क पर इटावा अंडरपास के पास पुलिस ने एक ट्रक को रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। ट्रक में 1 क्विंटल 60 किलो से ज्यादा (160.914 किग्रा) अवैध गांजा बरामद हुआ।

बाजार मूल्य: पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 81 लाख रुपये बताई जा रही है।

अरेस्ट: पुलिस ने मौके से प्रदीप सिंह (हाथरस निवासी) को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में बड़ा खुलासा: ‘हर फेरे के मिलते थे 80 हजार’

पकड़े गए आरोपी प्रदीप ने पूछताछ में तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। प्रदीप ने बताया कि वह उड़ीसा से ट्रक में काजू के छिलके लोड करता था और उसके नीचे गांजे के पैकेट छिपा देता था ताकि पुलिस को शक न हो। यह माल दिल्ली-एनसीआर (NCR) के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।

प्रदीप की मुलाकात करीब 4-5 महीने पहले कानपुर के एक व्यक्ति से हुई थी। वह व्यक्ति उसे हर बार माल डिलीवर करने के बदले 80,000 रुपये देता था। कल भी वह कानपुर के उसी शख्स के बताए ठिकाने पर माल पहुंचाने जा रहा था, लेकिन मैनपुरी में ही पकड़ा गया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

01 कुन्टल 60 किलो 914 ग्राम गांजा

01 बड़ा ट्रक (तस्करी में प्रयुक्त)

मोबाइल फोन और पहचान पत्र (आधार, पैन, डीएल)

ई-वे बिल (काजू के छिलकों का फर्जी सहारा लेने के लिए)

1,060 रुपये नकद

कानूनी शिकंजा

ANTF ने अभियुक्त के खिलाफ मैनपुरी के थाना बेवर में NDPS एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। अब पुलिस उस कानपुर के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है जिसने प्रदीप को इस धंधे में उतारा था।

Also Read: लखनऊ वालों के लिए खुशखबरी: ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ में आज से एंट्री फ्री, गणतंत्र दिवस पर एलडीए का तोहफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.