Mainpuri News: कानपुर- दिल्ली के दो दोस्तों की मौत, देखने वालों के कांपे हाथ-पांव
Mainpuri News: गुरुवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कानपुर और दिल्ली के रहने वाले दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक कार लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी। जैसे ही कार करहल थाना क्षेत्र के 90वें किलोमीटर पर पहुँची, अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े तो मंजर देख उनकी रूह कांप गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में सागर कपूर (35 वर्ष), पुत्र अजय कपूर, निवासी गोविंद नगर कानपुर और जितेंद्र आहूजा (45 वर्ष), पुत्र अमृतलाल, निवासी दिल्ली की मौत हो गई। दोनों दोस्तों का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।हादसे में दुर्गा प्रसाद सैनी उर्फ वीरू (निवासी गंगागंज पनकी, कानपुर) और राजेश ओझा (निवासी राधानगर, कानपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सैफई स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी और अपराध निरीक्षक कैलाश बाबू दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद अफरातफरी
हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। देखने वालों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि कार में बैठे लोगों को निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
Also Read: Lucknow News: समाजवादी महिला सभा का हंगामा, SIR और वोट चोरी के खिलाफ डीएम कार्यालय का किया घेराव

