मथुरा के गुरुकुल में बड़ा हादसा, टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत
Mathura Gurukul Tank Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन के चैतन्य बिहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 12 फीट गहरे सबमर्सिबल पानी के टैंक की सफाई करने उतरे चार छात्रों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक, टैंक से बदबू आने के बाद छात्र उसकी सफाई के लिए नीचे उतरे थे। सबसे पहले एक छात्र अंदर गया, लेकिन गैस के असर से वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए बाहर खड़े छात्र एक-एक कर टैंक में उतरते गए और वे भी अचेत हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
चार छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
डॉक्टरों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जबलपुर निवासी 20 वर्षीय मनु कटारे, मध्य प्रदेश के 18 वर्षीय देवांश, मेरठ निवासी 17 वर्षीय विशु और प्रयागराज निवासी 17 वर्षीय आर्यन पांडे के रूप में हुई है।
वहीं 18 वर्षीय रुद्राक्ष की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसएसपी और नगर आयुक्त समेत प्रशासनिक अधिकारी गुरुकुल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल छात्र और वहां मौजूद अन्य छात्रों से घटना की जानकारी ली।
CCTV से लेकर संचालन तक होगी जांच
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि गुरुकुल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और गुरुकुल का संचालन किस तरह किया जा रहा था।
सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
Also Read: UP में दवाओं के रेट पर कसेगा शिकंजा, खरीद और बिक्री रेट अब करना होगा सार्वजनिक

