सिद्धार्थनगर में विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 हज़ार वोल्ट की चपेट में आई पिकअप, 10 बच्चे-युवक झुलसे
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। लोटन कोतवाली क्षेत्र के नेपाल सीमा स्थित ठोठरी बाजार में विसर्जन के लिए जा रही एक पिकअप वैन 11 हज़ार वोल्ट की हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे वाहन पर सवार 10 बच्चे और युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी झुलसे हुए लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन पहुंचाया। बच्चों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर विधायक श्यामधनी राही और जिलाधिकारी अरविन्द सिंह मेडिकल कॉलेज पहुँचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की, स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएस ने बताया कि नौ बच्चों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और सभी का उपचार जारी है।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
यह हादसा 2 अक्टूबर 2025 की मध्य रात्रि के आसपास हुआ, जब पिकअप वैन (UP-55 T-9962) पर डीजे सिस्टम लादकर मूर्ति विसर्जन के लिए प्राथमिक विद्यालय ठोठरी बाजार की ओर जा रही थी।
ग्रामीणों ने इस भीषण हादसे के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि हाईटेंशन तार की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
झुलसे बच्चों और युवाओं का विवरण
नाम पिता का नाम उम्र स्थिति
पवन कुमार कन्नौजिया विनोद 13 वर्ष घायल
मगाने पासवान रोहित 11 वर्ष घायल
पंकज गुप्ता स्व. बिहारी 08 वर्ष घायल
सुधीर पासवान राम चरन 10 वर्ष घायल
अंकुश पासवान राजेश 05 वर्ष घायल
अंगद पासवान बीरेन्द्र 07 वर्ष घायल
सनी गौड़ राके 15 वर्ष घायल
आदित्य कसौधन सुनील 17 वर्ष घायल
गोलू पाण्डेय (डीजे धारक) जय प्रकाश पाण्डेय 18 वर्ष घायल
बबलू पासवान (चालक) सहदेव 23 वर्ष घायल
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: निर्माण कार्य में लापरवाही पर एक्शन मोड में कुशीनगर डीएम, कार्रवाई के लिए एमडी को लिखा पत्र

