सड़क हादसे में बाल बाल बचे तेजस्वी यादव,काफिले को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह घटना शुक्रवार देर रात उस वक्त हुई, जब वे अपने काफिले के साथ मधेपुरा से पटना लौट रहे थे और रास्ते में चाय पीने के लिए हाजीपुर के गोरौल के पास रुके थे।

चश्मदीदों के मुताबिक, एनएच-22 पर एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक तेजस्वी यादव के काफिले में घुस गया और कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में काफिले की तीन से चार गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना में तेजस्वी यादव तो सुरक्षित रहे, लेकिन उनके साथ चल रहे एक पुलिस अधिकारी, एक सिपाही और एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद तेजस्वी यादव भी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उनके साथ आरजेडी विधायक डॉ. मुकेश रोशन और वैशाली के सिविल सर्जन भी मौजूद थे।

ज़रा सी चूक होती तो हो सकता था बड़ा नुकसान

तेजस्वी यादव ने हादसे के बाद अपनी चिंता जताते हुए कहा कि ट्रक की टक्कर महज 5 फीट की दूरी पर हुई। अगर ज़रा सी चूक होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही बेहद खतरनाक है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा, “देश में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं और इनमें सबसे ज़्यादा जानें जा रही हैं। हमें यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर होने की जरूरत है।”

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी सुरक्षा में खामियां बनी हुई हैं, जिन्हें दूर करना बेहद ज़रूरी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.