इंडोनेशिया में बड़ा हादसा, इस्लामिक स्कूल की इमारत ढही, 1 छात्र की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडोनेशिया के सिदोअर्जो में ईस्ट जावा कस्बे में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक इस्लामिक स्कूल की इमारत अचानक ढह गई, जिसमें एक छात्र की मौत की पुष्टि हुई है और कम से कम 65 छात्रों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इस ख़बर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं।
जर्जर इमारत में नमाज के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों ने बताया कि अल खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत ढहने की सूचना मिलते ही बचावकर्मी, पुलिस और सैन्यकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि यह स्कूल की इमारत जर्जर हालत में थी।
प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता जूल्स अब्राहम अबास्ट ने जानकारी दी कि जिस समय यह हादसा हुआ, छात्र इमारत में दोपहर की नमाज़ अदा कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि इमारत का अनधिकृत विस्तार किया जा रहा था, तभी वह अचानक गिर गई।

घटना के 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मलबे में दबे 12 से 17 वर्ष की उम्र के छात्रों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। बचावकर्मी अब तक 8 घायलों को बाहर निकालने में सफल रहे हैं, लेकिन मलबे में और भी शव दिखने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
रेस्क्यू टीम को कंक्रीट के भारी स्लैब और मलबे के कारण बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारी उपकरणों का इस्तेमाल करने में भी खतरा है, क्योंकि इससे और अधिक ढहाव हो सकता है। फिलहाल, मलबे में फंसे लोगों को जिंदा रखने के लिए ऑक्सीजन और पानी की सप्लाई पहुंचाई जा रही है।
Also Read: दीपावली से पहले यूपी के सभी जिलों में 10 दिन तक लगेगा स्वदेशी मेला

