कराची में बड़ा हादसा, अफगान बस्ती में मकान की छत गिरने से 6 लोगों की मौत, मातम का माहौल

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के कराची शहर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें अफगान शरणार्थियों की बस्ती में एक मकान की छत गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है। हादसे में दो बच्चों समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा कराची के बाहरी इलाके की एक अफगान बस्ती में हुआ। मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक छत गिर गई। हादसे के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

गुलशन-ए-मयमार थाना प्रभारी (एसएचओ) आगा असदुल्ला ने बताया कि इस दर्दनाक घटना में चार लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में सात, आठ, दस, चौदह और बीस साल की लड़कियां शामिल हैं।

जर्जर मकान बना हादसे की वजह

पुलिस के मुताबिक, जिस मकान की छत गिरी, वह काफी पुराना और कमजोर था। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इलाके में कई मकान जर्जर हालत में हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग इस घटना से सदमे में हैं।

इलाके में शोक का माहौल

हादसे के बाद अफगान बस्ती में मातम का माहौल है। प्रशासन ने घायलों के इलाज का आश्वासन दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने सरकार से अपील की है कि वे बस्ती में जर्जर मकानों की स्थिति का जायजा लें और उनकी मरम्मत कराएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

बता दे, इस दुखद हादसे ने एक बार फिर कराची में रह रहे अफगान शरणार्थियों की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है, जहां सुविधाओं की भारी कमी और जर्जर मकान लोगों की जिंदगी पर खतरा बनते जा रहे हैं।

Also Read: ललित मोदी को बड़ा झटका, वानुअतु के प्रधानमंत्री ने पासपोर्ट रद्द करने का दिया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.