मुंबई में बड़ा हादसा, बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट गिरने से 5 लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई (Mumbai) के भायखला इलाके में बुधवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एक बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट अचानक गिर गई और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा रात करीब 10 बजे जय कृपा टॉवर में हुआ। घटना के बाद इमारत और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, एम्बुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंच गया और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

चौथी मंजिल से अचानक नीचे गिरी लिफ्ट

मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा घोडापदेव क्रॉस लेन नंबर 1 स्थित जय कृपा टॉवर में हुआ। यह ग्राउंड प्लस 18 मंजिला इमारत है। बताया जा रहा है कि इमारत की लिफ्ट चौथी मंजिल से अचानक नीचे आ गिरी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि लिफ्ट का केबल टूटने के कारण यह हादसा हुआ।

वहीं घटना की सूचना तुरंत सी.पी. कंट्रोल को दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बेस्ट कर्मचारी, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गए। टीमों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और लिफ्ट में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल हुए लोगों में कल्पिता पवार उम्र 38 साल, यश बलविकर उम्र 24 साल, उषा गुप्ता उम्र 56 साल, जमुना प्रसाद शिवहरे उम्र 50 साल और शिल्पा मोरे उम्र 54 साल शामिल हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पांच घायलों में से तीन को सरकारी जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल को बालाजी अस्पताल और एक को जसलोक अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Also Read: Azamgarh News: ब्रिटिश नागरिक बन चुके मदरसा टीचर के घर पर ED का छापा, 20 साल बाद खुला बंद मकान का ताला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.