आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा, डिवाइडर से टकराई बस, 18 यात्री घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर से बनारस जा रही यात्री बस अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 18 यात्री घायल हो गए, जबकि कई को मामूली चोटें आईं।

यात्रियों में चीख-पुकार मच गई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस के पलटने से हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई और जाम की स्थिति बनने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन और जेसीबी की मदद से बस को हटाया गया, ताकि यातायात बाधित न हो। इस दौरान एक यात्री का पैर बस के नीचे दब गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर

सभी घायलों को जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया, जबकि चार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घायलों में मृत्यंजय कुमार, रामजनक (54), सोनू गुप्ता (40), गाजीपुर निवासी अमन सिंह, दीपक (27), दिनेश पाठक, दिनेश साव और बस कंडक्टर राजेंद्र प्रसाद शामिल हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: लिस्बन में इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त, 15 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.