जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कुलगाम और शोपियां समेत कई जिलों में पुलिस के ताबड़तोड़ छापे
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुलगाम और शोपियां जैसे संवेदनशील इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान (CASO) चलाया है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान से सक्रिय जम्मू-कश्मीर मूल निवासियों (JKNOP) के रिश्तेदारों की संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाना और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी करना है।
कुलगाम में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JEI) के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया गया है। कुलगाम पुलिस ने जिले भर में 200 से अधिक JEI ठिकानों पर छापे मारे और घरों की तलाशी ली। वहीं, शोपियां जिले में भी जमात-ए-इस्लामी के सदस्यों और ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) समेत संदिग्ध राष्ट्र-विरोधी तत्वों को निशाना बनाकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मकसद क्षेत्र में किसी भी तरह की विध्वंसक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। इससे पहले, शोपियां पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया था कि राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पूरे जिले में तलाशी और वाहन जाँच तेज कर दी गई है, जिसमें सैकड़ों वाहनों के चालान किए गए।
रामबन और बांदीपोरा में भी सख़्ती
इससे पहले रामबन और बांदीपोरा में भी आतंकवादियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाए गए थे। पुलिस ने पाकिस्तान और पीओके से सक्रिय जम्मू-कश्मीर के नागरिकों पर कार्रवाई करते हुए, सिम कार्ड के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिले भर में सिम कार्ड विक्रेताओं का सत्यापन किया। पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और एसओजी इकाइयों की संयुक्त टीमों ने आतंकवादियों और ओवरग्राउंड वर्कर्स के रिश्तेदारों के घरों की तलाशी ली।
Also Read: अभिनेता गोविंदा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर बोले- चिंता की कोई बात नहीं

