जोधपुर में ATS और IB की बड़ी कार्रवाई, तीन मौलवी हिरासत में, अंतरराष्ट्रीय गैंग और आतंकी संगठनों से जुड़े होने का शक
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और खुफिया ब्यूरो (IB) ने शुक्रवार तड़के जोधपुर, सांचौर और पीपाड़ में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी करके तीन मौलवियों को हिरासत में लिया है। इन पर अंतरराष्ट्रीय गिरोहों और आतंकी संगठनों से संपर्क होने का गंभीर आरोप है।
सुबह करीब 5 बजे की गई इस कार्रवाई में जोधपुर के चौखा क्षेत्र से अयूब (पुत्र गफ्फार) और पीपाड़ से मसूद (पुत्र अनवर) को हिरासत में लिया गया। वहीं, सांचौर के झेरडियावास स्थित एक मदरसे से मौलवी उस्मान को पकड़ा गया है। अयूब और मसूद को आगे की पूछताछ के लिए जयपुर ले जाया गया है।
आपत्तिजनक सामग्री हुई बरामद
खुफिया एजेंसियों की टीम को मौके से कई अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन, आतंकी संगठनों से जुड़ा साहित्य और चंदे की रसीदें बरामद हुई हैं। शुरुआती जाँच में इनके अंतरराष्ट्रीय गैंग और आतंकी संगठनों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, ये आरोपी लंबे समय से खुफिया एजेंसियों के रडार पर थे और यह पूरी कार्रवाई गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देश पर की गई है।
फंडिंग और आतंकी गतिविधियों को समर्थन का शक
अयूब (जोधपुर): सूत्रों के अनुसार, अयूब के आतंकी संगठनों और अंतर्राष्ट्रीय फंडिंग नेटवर्क से जुड़े होने के ठोस इनपुट मिले थे।
उस्मान (सांचौर): उस्मान पर अंतर्राष्ट्रीय गैंग से फंडिंग लेने और आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने का आरोप है।
मसूद (पीपाड़): जोधपुर से अयूब की गिरफ्तारी के बाद मसूद अंडरग्राउंड हो गया था, लेकिन एटीएस ने ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मसूद से भी विदेशी संपर्कों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि जाँच पूरी होने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाएगा। फिलहाल, जोधपुर पुलिस और खुफिया एजेंसियां इलाके के मदरसों, धार्मिक स्थलों और किराए के मकानों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
Also Read: सीएम योगी ने रन फॉर यूनिटी का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, मंच पर मंत्री सुरेश खन्ना से ली चुटकी

