लखनऊ में LDA का बड़ा एक्शन: काकोरी में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, अमीनाबाद और हुसैनगंज में कॉम्प्लेक्स सील
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध निर्माणों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत काकोरी क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर करोड़ों की अवैध प्लाटिंग को जमींदोज किया गया, वहीं घनी आबादी वाले अमीनाबाद और हुसैनगंज क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक इमारतों को सील कर दिया गया।
काकोरी: 30 बीघा जमीन पर चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी के ग्राम खुदाईंट और पलेंहदा में 30 बीघा जमीन पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने राम सनेही, विजय पाल, सुधीर, दुर्गेश, गोविंद, कल्लू व अन्य भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से विकसित की जा रही 09 कॉलोनियों को ध्वस्त किया। स्थल पर बिना अनुमति बनाई गई सड़कें, नालियां, बाउंड्रीवॉल और ऑफिस के ढांचों को पूरी तरह ढहा दिया गया।

अमीनाबाद व हुसैनगंज: अवैध निर्माणों पर लगी सील
प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बनाए जा रहे दो बड़े व्यावसायिक परिसरों के खिलाफ कार्रवाई की। हुसैनगंज (क्ले स्क्वायर) के विक्की व अन्य द्वारा लगभग 2,500 वर्गफिट के भूखंड पर बनाए जा रहे एक अवैध कॉम्प्लेक्स को सील किया गया। इसके साथ ही अमीनाबाद (विद्यांत कॉलेज के पास) लगभग 1,500 वर्गफिट क्षेत्रफल में किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर एलडीए ने अपनी मुहर लगाकर उसे बंद करा दिया।
अधिकारियों का संदेश
जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह और प्रभाकर सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया कोई भी निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से लोगों को चेतावनी दी गई है कि किसी भी भूखंड या फ्लैट को खरीदने से पहले उसके मानचित्र की वैधता की जांच एलडीए की वेबसाइट या कार्यालय से अवश्य कर लें।

