उन्नाव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी, लाल आलू के सैंपल भेजे गए लैब
Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिलाधिकारी गौरांग राठी के सख्त निर्देश पर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के तीन कोल्ड स्टोरेज पर अचानक छापेमारी की, जिससे कोल्ड स्टोरेज संचालकों में हड़कंप मच गया।
लाल आलू की आशंका पर नमूने जब्त
छापेमारी सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रियंका सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम को माया कोल्ड स्टोरेज (बायपास स्थित) में सबसे बड़ी सफलता मिली। टीम ने यहां से संदिग्ध लाल आलू के साथ-साथ लाल पाउडर से भरे पानी का टैंक बरामद किया। टीम ने मौके से पांच आलू और 193 बोरों का नमूना लिया, जिसे तत्काल परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। बरामद संदिग्ध आलू की अनुमानित कीमत करीब ₹2.43 लाख बताई गई है।
इसके अतिरिक्त, टीम ने चन्द्र लोक कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया, जहां से दो संदिग्ध आलू के नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए। वहीं, शांति मोहन ट्रांस राइस कोल्ड स्टोरेज में भी सख्त जांच की गई।
मिलावट पर जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र दीक्षित ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन मिलावट और खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर छूट नहीं देगा। उन्होंने कहा कि “खाद्य सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
शैलेन्द्र दीक्षित ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस छापेमारी से कई कोल्ड स्टोरेज संचालक सकते में आ गए और माहौल तनावपूर्ण रहा। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र दीक्षित के साथ अनुराग कुमार, राकेश कुमार, सुभाष चन्द्र सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
रिपोर्ट: मो.आतिफ (अनम)
Also Read: Varanasi News: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कबड्डी प्रतियोगिता, शीएट पीजी कॉलेज बना चैंपियन

