UP ATS की बड़ी कार्रवाई: नौसेना का लांस नायक जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, तस्वीरें ISI को भेजकर ली थी घूस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एटीएस (Anti-Terrorism Squad) ने भारतीय सेना की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को लीक करने वाले एक देशद्रोही सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एटीएस ने भारतीय नौसेना में कार्यरत लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी को आगरा से गिरफ्तार किया है।

जासूसी का तरीका और बरामद साक्ष्य

आदर्श कुमार केरल के कोच्चि स्थित ‘दक्षिण नेवल कमांड’ (Southern Naval Command) में लांस नायक के पद पर तैनात था। जांच में यह पुष्ट हुआ है कि आरोपी ने सामरिक महत्व के संवेदनशील युद्धपोतों (Warships) की तस्वीरें और उनकी सटीक लोकेशन आईएसआई हैंडलर को भेजी थी। इन गोपनीय सूचनाओं के बदले पाकिस्तान की ओर से आदर्श कुमार के बैंक खाते में मोटी रकम ट्रांसफर की गई थी।

एटीएस का ‘ऑपरेशन सर्विलांस’

यूपी एटीएस एक संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट की डिजिटल गतिविधियों की निगरानी कर रही थी, जिसके दौरान आदर्श कुमार का नाम प्रकाश में आया। एटीएस ने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। आरोपी के बैंक स्टेटमेंट की जांच में विदेशी (आईएसआई एजेंट) स्रोतों से धन आने की पुष्टि हुई। साक्ष्य पुख्ता होने के बाद मंगलवार को उसे आगरा से हिरासत में लिया गया।

विधिक कार्यवाही

आरोपी को लखनऊ स्थित एटीएस मुख्यालय लाकर गहन पूछताछ की गई। इसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एटीएस अब आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कौन सी संवेदनशील जानकारी साझा की है और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।

Also Read: Lucknow News: आज ‘गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ का शंखनाद करेंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.