UP STF की बड़ी कार्रवाई: गोंडा का 50,000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर जाकिर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद गोंडा के शातिर अपराधी और ₹50,000 के इनामी अभियुक्त जाकिर को गिरफ्तार कर लिया है। जाकिर थाना परसपुर का हिस्ट्रीशीटर (73-ए) है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
एसटीएफ की लखनऊ इकाई को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी जाकिर गोंडा के ग्राम सुसुण्डा में छिपा हुआ है। इस सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में निरीक्षक प्रताप नारायण सिंह की टीम ने सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जाकिर के पास से 1,560 नकद, एक आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
बियर की दुकानों में सेंधमारी
पूछताछ में जाकिर ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित गिरोह चलाता है। उसने अपने साथियों (रितिक सिंह, मलखान, रिजवान आदि) के साथ मिलकर लक्षनपुरवा और धरमनगर स्थित कंपोजिट बियर की दुकानों में सेंध काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के पैसे गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
अभियुक्त जाकिर के खिलाफ गोंडा के विभिन्न थानों में 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हैं।
गंभीर चोरी और सेंधमारी: बीएनएस की विभिन्न धाराओं (305, 331(4), 317(2)) के तहत कई मामले।
नशा तस्करी: एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कई मुकदमे।
अन्य अपराध: गुंडा एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, मारपीट और धमकी के मामले।
आगे की कार्रवाई
एसटीएफ ने जाकिर को गिरफ्तार करने के बाद थाना परसपुर (गोंडा) में दाखिल कर दिया है। स्थानीय पुलिस अब उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है। एसटीएफ अब उसके गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।
Also Read: Lucknow News: अपहरण और लूट करने वाले 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार, बंधक युवक सुरक्षित

