केंद्र में बड़े प्रशासनिक फेरबदल, IAS चंचल कुमार बने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए चंचल कुमार (IAS Chanchal Kumar) को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति कैबिनेट नियुक्ति समिति द्वारा की गई है। चंचल कुमार 31 मार्च 2026 से नई जिम्मेदारी संभालेंगे और संजय जाजू की जगह लेंगे, जिन्हें पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव बनाया गया है।
कई अहम पदों पर रहे हैं तैनात
बिहार कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी चंचल कुमार इससे पहले कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रधान सचिव भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सामान्य प्रशासन और भवन निर्माण विभाग में प्रधान सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
चंचल कुमार कैमूर, बोकारो, पूर्वी चंपारण और नालंदा के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्हें रेल मंत्रालय और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में भी काम करने का अनुभव है। वह नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं।
नीरज मित्तल के अवकाश के दौरान चंचल कुमार ने 12 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक दूरसंचार विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था, जिससे उनके प्रशासनिक अनुभव और जिम्मेदारियों का दायरा और विस्तृत हुआ।
अन्य अहम नियुक्तियां भी घोषित
केंद्र सरकार ने अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। अभिषेक सिंह को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं खान मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वह नागराजू मद्दिरला की जगह लेंगे।
पर्यटन और अन्य मंत्रालयों में भी बदलाव
पर्यटन विभाग के सचिव श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का सचिव बनाया गया है, जबकि चंद्र शेखर कुमार को कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय वर्षा सिंचित क्षेत्र प्राधिकरण का सीईओ नियुक्त किया गया है। इसके अलावा UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार को पर्यटन सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह केंद्र सरकार ने कई अहम मंत्रालयों और विभागों में अधिकारियों के फेरबदल के जरिए प्रशासनिक ढांचे को नया स्वरूप देने का प्रयास किया है।
Also Read: फिर पटरी पर भारत-चीन के बीच हवाई संपर्क, नई उड़ानों से बढ़ेगा व्यापार

