यूपी में 1 अप्रैल से लागू होंगे ये 5 बड़े नियम, आपकी जेब और जीवन पर पड़ेगा सीधा असर
Sandesh Wahak Digital Desk: कल यानी 1 अप्रैल 2026 से नए वित्तीय वर्ष का आगाज हो रहा है। उत्तर प्रदेश में इस तारीख से आम आदमी की जिंदगी से जुड़े कई नियम बदल रहे हैं। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और टोल टैक्स से लेकर किसानों की आय तक, 1 अप्रैल से होने वाले इन बदलावों का आपकी जेब पर क्या असर होगा, पढ़िए संदेश वाहक की यह खास रिपोर्ट:
शिक्षा: हाईटेक और सुरक्षित होंगे स्कूल (सत्र 2026-27)
यूपी बोर्ड के नए शैक्षणिक सत्र में कई क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं।
- व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य: कक्षा 9 और 11 में अब प्रोफेशनल स्टडीज (व्यावसायिक पढ़ाई) अनिवार्य होगी।
- डिजिटल सुरक्षा: स्कूलों में ‘साइबर क्लब’ बनेंगे, जो बच्चों को इंटरनेट के खतरों से बचाएंगे। साथ ही मोबाइल और गेम्स के इस्तेमाल पर विशेष निगरानी रहेगी।
- शक्ति मंच: छात्राओं के लिए ‘शक्ति मंच’ का गठन होगा, जहाँ वे नेतृत्व के गुण सीखेंगी और अपनी बातें साझा कर पाएंगी।
- प्रार्थना सभा में नयापन: हफ्ते में एक दिन प्रार्थना सभा में अखबार का वाचन होगा और योग-ध्यान की गतिविधियां अनिवार्य होंगी।
-
सफर होगा महंगा: टोल टैक्स में बढ़ोतरी
अगर आप नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं, तो जेब ढीली करनी होगी। NHAI और यूपीडा ने नई रेट लिस्ट जारी कर दी है। हल्के वाहनों के लिए टोल प्लाजा पर 5 से 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। लखनऊ-कुशीनगर हाईवे, तेनुआ टोल प्लाजा सहित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे (भगवानपुर से चौदह परास तक) पर नए रेट लागू होंगे। हालांकि, मिनी बस के टोल में फिलहाल कोई वृद्धि नहीं की गई है।
किसानों के लिए खुशखबरी: गेहूं की MSP बढ़ी
नया सीजन किसानों के लिए खुशियां लेकर आया है। गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। अब समर्थन मूल्य 2425 से बढ़कर 2585 रुपये हो गया है। छनाई और सफाई के 20 रुपये जोड़कर किसानों को कुल 2605 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा।
स्वास्थ्य: संचारी रोगों के खिलाफ जंग
अप्रैल का महीना स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। 1 अप्रैल से पूरे महीने प्रदेश भर में साफ-सफाई और जागरूकता अभियान चलेगा। 10 अप्रैल से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम के लिए ‘दस्तक’ देंगी।
छुट्टियों का नया कैलेंडर
सरकार ने नए सत्र के लिए छुट्टियों की घोषणा कर दी है। इस साल 24 सरकारी और 31 वैकल्पिक छुट्टियां मिलेंगी। जुलाई में यूनिट टेस्ट, सितंबर-अक्टूबर में छमाही परीक्षा और जनवरी-फरवरी 2027 में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित होंगी।
Also Read: Bihar Politics: नीतीश कुमार ने छोड़ी विधान परिषद की सदस्यता, नितिन नवीन ने भी दिया इस्तीफा

