बदायूं में घुसपैठियों के विरुद्ध बड़ा अभियान, बड़े सरकार परिसर से हटाए गए अवैध कब्जे

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की आशंका के मद्देनजर, बदायूं पुलिस और प्रशासन ने शनिवार को शहर के लालपुल स्थित बड़े सरकार परिसर में एक व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

पहचान पत्र की जांच और संदिग्ध हिरासत में

सघन जांच: पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ियों, तिरपाल और पन्नी डालकर रह रहे लोगों की गहन जांच की। सभी से आधार कार्ड, वोटर आईडी और अन्य वैध पहचान पत्र मांगे गए। कई लोग कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिन्हें संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया गया है।

एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि घुसपैठियों की आशंका को लेकर यह अभियान चलाया गया। कुछ लोग बिना पहचान पत्र के मिले, जिन्हें हिरासत में लिया गया है। अवैध रूप से रह रहे अन्य जनपदों के लोगों को भी हटाया गया है।

अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई

पुलिस को मौके पर सीधे तौर पर बांग्लादेशी या रोहिंग्या तो नहीं मिले, लेकिन परिसर में वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि कई लोगों ने अस्थायी झोपड़ीनुमा घर, मुसाफिरखाने में ठिकाना और कुछ ने पक्के मकान भी बना लिए थे। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल की मौजूदगी में प्रशासन ने इन सभी कब्जों को गैरकानूनी बताते हुए तुरंत हटाने के निर्देश दिए। अवैध रूप से रह रहे लोगों को चेतावनी दी गई कि वे शाम तक स्वयं निर्माण हटा लें, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से पहले ही कई लोग अपने घरों पर ताला डालकर भाग गए, और कई दुकानदार मौके पर नहीं मिले।

बिजली और मदरसे पर संदेह

जांच के दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। जिसमें कई स्थानों पर बिना किसी गहन जांच-पड़ताल के ही बिजली के मीटर लगाए जाने का मामला सामने आया। प्रशासन ने बिजली विभाग की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए जांच के संकेत दिए हैं। परिसर में बिना अनुमति के संचालित एक मदरसा मिला। यहां दो हुक्के और पढ़ाई के नाम पर फर्जी किताबें पाई गईं। टीम के पहुँचने पर मदरसा संचालक ताला लगाकर भाग गया। बिना अनुमति के बनाए गए धर्मस्थल और प्रतिबंधित लाउडस्पीकर को भी हटाने के निर्देश दिए गए।

अभियान में एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, सीओ नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, कोतवाली प्रभारी संजय कुमार, सिविल लाइन इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह तोमर सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। एसपी सिटी ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Also Read: अयोध्या में राम मंदिर ‘प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह’ का आयोजन, इस दिन राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.