लखनऊ के कैंट गोला बाजार में EV स्कूटी शोरूम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गोला बाजार में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) स्कूटी शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा सदर बाजार चौकी के ठीक पीछे स्थित ‘सरला एंड संस’ नाम के ईवी बाइक शोरूम में हुआ। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्होंने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पास स्थित एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज फायर स्टेशन से दमकल की 3 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

दमकल विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8:27 बजे हजरतगंज फायर स्टेशन के वॉच रूम को सदर बाजार चौकी के पीछे स्थित स्कूटी शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। मामला घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्र का होने के कारण फायर स्टेशन ऑफिसर के नेतृत्व में बिना समय गंवाए तीन फायर टेंडरों को मौके के लिए रवाना किया गया।

जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग पूरे शोरूम में फैल चुकी थी और उसकी लपटें पड़ोस की दुकान को भी नुकसान पहुंचाने लगी थीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पूरी इमारत को घेरा और होज पाइप से पानी की बौछारें शुरू कीं। राहत टीम की फुर्ती से आग को आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी हिस्सों में फैलने से पहले ही रोक लिया गया। दमकलकर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद आग को पूरी तरह से शांत कर दिया गया।

बैटरी में शॉर्ट सर्किट की आशंका, जनहानि से बचाव

प्राथमिक पड़ताल में अनुमान लगाया जा रहा है कि शोरूम में खड़ी किसी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से यह आग लगी होगी। शोरूम के भीतर गाड़ियों के प्लास्टिक पार्ट्स, वायरिंग और बैटरियां भारी मात्रा में रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के दौरान पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग के कारण शोरूम और पास की दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हुआ है, जिसके नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Also Read: देवरिया में आरोपी को 6 दिन थाने में बैठाने पर हाईकोर्ट सख्त, कोतवाल और दरोगा सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.