Zomato में बड़ी छंटनी, 240 कर्मचारियों की नौकरी गई, हैदराबाद ऑपरेशन बंद
Zomato Layoff News : फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato ने अपने कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशन में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। कंपनी हैदराबाद में चल रहे अपने कस्टमर डिलाइट यानी कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशन को बंद करने जा रही है।
इसके चलते करीब 240 कर्मचारियों की नौकरी चली जाएगी। कंपनी का कहना है कि यह फैसला कर्मचारियों के प्रदर्शन में कमी की वजह से नहीं, बल्कि कस्टमर सपोर्ट मॉडल की समीक्षा के बाद लिया गया है।
हैदराबाद का ऑपरेशन बंद, अब गुरुग्राम से संभलेगा काम
कंपनी के मुताबिक, पिछले छह महीनों में उसके कस्टमर सपोर्ट मॉडल में काफी बदलाव हुआ है। अब कस्टमर सपोर्ट से जुड़े ज्यादा काम बाहरी एक्सपर्ट कंपनियों के जरिए कराया जा रहा है। ऐसे में कंपनी के पास जो काम इन-हाउस बचा है, उसे एक ही टीम के जरिए गुरुग्राम से संचालित करने का फैसला किया गया है।
Zomato का मानना है कि इससे कस्टमर सपोर्ट टीम को कंपनी की प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, डेटा और बिजनेस टीमों के साथ बेहतर तालमेल में काम करने में मदद मिलेगी।
नौकरी जाने वाले कर्मचारियों को मिलेगा 4 महीने की सैलरी के बराबर पैकेज
कंपनी ने जिन करीब 240 कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने का फैसला किया है, उन्हें चार महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा। इसमें नोटिस पीरियड की सैलरी के साथ एक बार मिलने वाली अतिरिक्त राशि भी शामिल होगी।
इसके अलावा, कर्मचारियों का मेडिकल इंश्योरेंस और काउंसलिंग की सुविधा 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगी। कंपनी नौकरी के नए अवसर तलाशने में भी कर्मचारियों की मदद करेगी और इसके लिए आउटप्लेसमेंट सपोर्ट दिया जाएगा।
इतना ही नहीं, कर्मचारियों को कंपनी की ओर से दिए गए लैपटॉप और ईयरफोन भी निजी इस्तेमाल के लिए रखने की अनुमति होगी।

