टोरंटो एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान पलटा डेल्टा एयरलाइंस का प्लेन, 19 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: कनाडा के टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। डेल्टा एयरलाइंस का एक विमान लैंडिंग के दौरान फिसलकर पलट गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस हादसे में कम से कम 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बर्फीले रनवे पर फिसला विमान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान अमेरिका के मिनियापोलिस से टोरंटो आ रहा था और सोमवार सुबह 11:47 बजे उड़ान भरी थी। जैसे ही विमान लैंडिंग के लिए रनवे पर उतरा, बर्फीले सतह पर फिसल गया और संतुलन खोने के कारण पलट गया। हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हो गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

15 साल पुराना था विमान

यह विमान 15 साल पुराना था और 2013 से डेल्टा एयरलाइंस की फ्लीट में शामिल था। एयरलाइंस ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

यात्री हुए भयभीत, ‘चमगादड़ की तरह लटके’

इस हादसे को लेकर यात्रियों ने भयावह अनुभव साझा किया। पीट कूकोव नामक यात्री ने CNN को बताया, “हम अचानक जोर से गिरे, और जब हमें होश आया तो विमान पूरी तरह उल्टा हो चुका था। हम सीट बेल्ट की वजह से चमगादड़ की तरह लटके हुए थे। यह बहुत डरावना था।”

वहीं, एक अन्य यात्री जॉन नेल्सन ने बताया कि रनवे पर भारी बर्फ थी और लैंडिंग के समय जोरदार झटका महसूस हुआ। टक्कर के तुरंत बाद विमान फिसल गया और पूरी तरह पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जांच जारी, डेल्टा एयरलाइंस का बयान

डेल्टा एयरलाइंस ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। कंपनी ने आश्वासन दिया कि सभी घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।

Also Read: Donald Trump: ट्रंप प्रशासन ने पलटा DOGE का फैसला, परमाणु हथियार कर्मचारियों की बर्खास्तगी पर रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.