शिकागो एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे पर आया दूसरा प्लेन

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के शिकागो स्थित मिडवे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां साउथवेस्ट एयरलाइंस के विमान को लैंडिंग के दौरान अचानक दोबारा उड़ान भरनी पड़ी, क्योंकि रनवे पर एक दूसरा विमान पहले से मौजूद था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए संभावित टक्कर को टाल दिया।

कैसे टली बड़ी दुर्घटना?

मंगलवार सुबह 8:50 बजे (CST) पर एयरपोर्ट के वेबकैम फुटेज में यह पूरी घटना कैद हुई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि साउथवेस्ट फ्लाइट 250 जब लैंडिंग कर रही थी, तभी उसे अचानक दोबारा उड़ान भरनी पड़ी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि रनवे पर एक दूसरा विमान मौजूद था, जो गलत तरीके से घुस आया था। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत विमान को ऊपर उठा लिया और यात्रियों की जान बचा ली।

साउथवेस्ट एयरलाइंस की प्रतिक्रिया

इस घटना पर बयान जारी करते हुए साउथवेस्ट एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि विमान के चालक दल ने सुरक्षा मानकों का पालन किया और संभावित टकराव से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने बताया कि विमान सुरक्षित तरीके से उतरा और किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ।

FAA ने शुरू की जांच

यह घटना कितनी गंभीर थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी *फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA)* ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरे विमान की गलती से यह स्थिति बनी, जिसकी वजह से रनवे पर खतरा पैदा हो गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग पायलट की सूझबूझ और तेजी से लिए गए फैसले की सराहना कर रहे हैं, जिसने संभावित विमान दुर्घटना को टाल दिया।

Also Read: Israel-Hamas Agreement: बंधकों के शव और कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति, युद्धविराम जारी रहने की उम्मीद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.