बिहार में बड़ा सड़क हादसा: CNG ऑटो और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के शेखपुरा जिले में मंगलवार सुबह 11:00 बजे एनएच 333ए (शेखपुरा-जमुई मुख्य सड़क मार्ग) पर नगर थाना क्षेत्र के एकसारीबीघा और मनियंडा गांव के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक सीएनजी ऑटो और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
दुर्घटना और मृतकों की पहचान
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चार यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इलाज के दौरान एक युवक ने सदर अस्पताल शेखपुरा में और एक किशोर ने पावापुरी बीम्स मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों सहित सभी आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पावापुरी रेफर किया गया है, जहां मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
मृतकों में करंडे थाना क्षेत्र के बेंगुचा गांव निवासी आशा देवी उर्फ सीमा देवी (50) और उनके पुत्र राहुल उर्फ टुनटुन यादव (28); महेशपुर गांव निवासी अहिल्या देवी (65) और उनकी पुत्री निशा कुमारी (14); धमसेना गांव निवासी राजकुमार साव (35) और बेंगुचा निवासी हिमांशु कुमार (9) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में ऑटो पर क्षमता से अधिक यात्री सवार होना हादसे का कारण माना जा रहा है।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। हादसे से नाराज़ लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, शेखपुरा सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
Also Read: बिहार की नई सरकार का बड़ा फैसला, लालू परिवार को ’10 सर्कुलर राबड़ी आवास’ खाली करने का आदेश

