बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 8 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Sanndesh Wahak Digital Desk: बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में रविवार देर शाम को एक भीषण सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 34 (NH-34) पर अरनिया थाना क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के रफातपुर और मिलकिनिया गांवों से लगभग 60 श्रद्धालु रविवार शाम राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी मंदिर में जात (धार्मिक यात्रा) लगाने के लिए रवाना हुए थे। सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। जब यह ट्रॉली बुलंदशहर के घटाल गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने इसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में सवार श्रद्धालु दूर-दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों को कैलाश अस्पताल (29), मुनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (18) और जटिया अस्पताल (10) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कैलाश अस्पताल में दो बच्चों सहित छह लोगों को और मुनी सीएचसी में दो लोगों को मृत घोषित किया गया।

मृतकों की सूची:

  • ईपू बाबू (40 वर्ष) – निवासी मिलकिनिया, ट्रैक्टर चालक
  • रामबेटी (65 वर्ष) – पत्नी सोरन सिंह, निवासी रफातपुर
  • चांदनी (12 वर्ष) – पुत्री कालीचरण, निवासी रफातपुर
  • घनीराम (40 वर्ष) – निवासी मिलकिनिया
  • मोक्षी (40 वर्ष) – निवासी मिलकिनिया
  • शिवांश (6 वर्ष) – पुत्र अजय, निवासी मिलकिनिया
  • योगेश (50 वर्ष) – पुत्र रामप्रकाश, निवासी रफातपुर
  • विनोद (45 वर्ष) – पुत्र सोरन सिंह, निवासी रफातपुर

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी श्रुति, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय, एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय, सीओ पूर्णिमा सिंह सहित चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन मृतकों के परिजनों से संपर्क में है।

Also Read: Lucknow News: लखनऊ में ऑटो चालक ने डॉक्टर से वसूले 200 मीटर सफर के 2000 रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.