वाराणसी एयरपोर्ट पर बड़ा सुरक्षा अलर्ट, फ्लाइट के कॉकपिट में घुसने की कोशिश, हिरासत में 9 यात्री

Sandesh Wahak Digital Desk: बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1087 में उस समय हड़कंप मच गया जब 9 यात्रियों के एक समूह ने कथित रूप से कॉकपिट के सिक्योरिटी डोर को खोलने की कोशिश की।

फ्लाइट के कैप्टन ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सीआईएसएफ ने विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के तुरंत बाद सभी 9 यात्रियों को हिरासत में ले लिया।

Varanasi News

विमान में क्या हुआ था ?

सूत्रों के अनुसार, 9 लोगों के समूह ने उड़ान के दौरान कॉकपिट के बाहर सिक्योरिटी कोड पैनल दबाया, जिसे फ्लाइट क्रू ने सुरक्षा खतरे के रूप में लिया।

कैप्टन ने तत्काल ATC को सूचित किया और विमान को वाराणसी में सावधानीपूर्वक उतारा गया। विमान के लैंड होते ही CISF और स्थानीय पुलिस ने सभी संदिग्ध यात्रियों को उतारकर हिरासत में ले लिया।

फूलपुर थाने में पूछताछ जारी

इस मामले में फूलपुर थाने के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया:

“बेंगलुरु से आई फ्लाइट में कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में घुसने की कोशिश की थी। लैंडिंग के बाद 9 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।”

सूत्रों के अनुसार, पायलट को आशंका है कि इन यात्रियों की मंशा फ्लाइट हाईजैक की हो सकती थी, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है।

सभी यात्री काशी दर्शन के लिए आए थे

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी 9 यात्री वाराणसी काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए आए थे।

सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच में जुटी हैं कि क्या यह कोई गलतफहमी थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

डीसीपी गोमती कर रहे मामले की निगरानी

घटना के बाद पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जांच की निगरानी खुद डीसीपी गोमती कर रहे हैं।

एयरपोर्ट, ATS, और इंटेलिजेंस यूनिट भी इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

अब तक क्या-क्या हुआ: एक नजर में

  • फ्लाइट नंबर IX-1087, एयर इंडिया एक्सप्रेस

  • बेंगलुरु से वाराणसी की उड़ान

  • 9 यात्रियों ने कथित तौर पर कॉकपिट सिक्योरिटी कोड बटन दबाया

  • पायलट ने ATC को दी सूचना

  • वाराणसी एयरपोर्ट पर सभी 9 यात्री हिरासत में

  • फूलपुर थाने में पूछताछ जारी

  • हाईजैकिंग की आशंका पर जांच

  • सभी यात्री दर्शन के उद्देश्य से वाराणसी आए थे

रिपोर्ट- संतोष पांडेय

Also Read: Gorakhpur News: सीएम योगी ने व्यापारियों और ग्राहकों से की जीएसटी सुधार पर चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.