लाल किले में बड़ी सुरक्षा चूक, धार्मिक कार्यक्रम से करोड़ों का कलश चोरी, संदिग्ध CCTV में कैद
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। लाल किला परिसर में चल रहे एक जैन धार्मिक कार्यक्रम से लगभग एक करोड़ रुपए की कीमत का सोने का कलश चोरी हो गया है। इस घटना ने देश के इस प्रतिष्ठित स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह कलश 760 ग्राम सोने से बना था, जिसमें 150 ग्राम हीरे और पन्ने जड़े हुए थे। यह चोरी बुधवार को उस समय हुई, जब कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी बतौर विशेष अतिथि मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि स्वागत की अफरातफरी के बीच मंच से यह कीमती कलश गायब हो गया। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहा है। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है और उसे जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।
कार्यक्रम के आयोजक पुनीत जैन ने मीडिया को बताया कि पूजा के बाद जब कारोबारी सुधीर जैन उठे, तो उनका बैग गायब था। उस बैग में कलश और अन्य पूजा सामग्री थी। पुनीत जैन ने यह भी दावा किया कि चोरी करने वाला संदिग्ध पहले भी तीन अन्य मंदिरों में चोरी कर चुका है।
आपको बता दें कि लाल किले में यह धार्मिक कार्यक्रम 15 अगस्त से चल रहा है और 9 सितंबर तक चलेगा। यह पहली बार नहीं है जब लाल किले में सुरक्षा में चूक हुई है। इससे पहले, स्वतंत्रता दिवस से पहले एक सुरक्षा अभ्यास के दौरान नकली बम का पता लगाने में विफल रहने पर 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
Also Read: Jaunpur News: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश दीपक दुबे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

