गोंडा में बड़ा बवाल, बीजेपी विधायक और ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों में खूनी झड़प, 6 लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा जिले के कटरा ब्लॉक सभागार में मंगलवार शाम एक छोटी सी बहस ने हिंसक रूप ले लिया। जीएसटी पर एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक बावन सिंह और ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला के पति भवानी भीख शुक्ला के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर नारेबाजी हुई, फिर पथराव और मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में दोनों तरफ से 6 लोग घायल हुए हैं।

दो गुटों के बीच पुरानी राजनीतिक रंजिश

विधायक बावन सिंह और भवानी भीख शुक्ला के बीच की राजनीतिक खींचतान कोई नई बात नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनावों से ही इनके बीच तनाव चल रहा है। दोनों गुट अपनी ताकत दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। मंगलवार को ब्लॉक सभागार में दो अलग-अलग कार्यक्रम चल रहे थे। एक तरफ जीएसटी पर विधायक का कार्यक्रम था, तो वहीं दूसरी तरफ आरएसएस की बैठक में ब्लॉक प्रमुख अपने समर्थकों के साथ मौजूद थीं।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार दोनों गुटों के कार्यक्रम खत्म होने के बाद, दोनों ही सभागार में अपनी बैठक जारी रखने की जिद पर अड़ गए। इसी दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल गरम हो गया। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। सभागार में कुर्सियां तोड़ी गईं, मेजें पलट दी गईं और एक-दूसरे पर पत्थर फेंके जाने लगे।

इस झड़प में ब्लॉक प्रमुख के बेटे शिव भगवान शुक्ला और भगवान शुक्ला समेत 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर भीड़ को हटाया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद विधायक बावन सिंह और उनके समर्थक थाने पहुंचे और तहरीर दी। वहीं, ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला और उनके पति भवानी भीख शुक्ला भी थाने पर धरने पर बैठ गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने बनाया ‘लोक मोर्चा’, 2027 चुनाव में सरकार बनाने का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.