ममता बनर्जी पर FIR, TMC छात्र परिषद की रैली में हाई कोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप

Mamata Banerjee: कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई 28 अगस्त को हुई तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) की स्थापना दिवस रैली को लेकर हुई है। पुलिस का आरोप है कि कार्यक्रम में कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

हाई कोर्ट ने कैथेड्रल रोड पर कार्यक्रम की अनुमति दी थी। इसके साथ सड़क का एक हिस्सा लोगों और वाहनों के लिए खुला रखने का निर्देश दिया गया था। कार्यक्रम में 1500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने पर भी रोक थी।

तय समय और सड़क को लेकर विवाद

पुलिस के मुताबिक, रैली दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच खत्म होनी थी। कैथेड्रल रोड और रानी रासमोनी रोड की एक-एक लेन खुली रखने का भी आदेश था। पुलिस का कहना है कि सड़क का निर्धारित हिस्सा खुला नहीं रखा गया और कार्यक्रम तय समय सीमा के बाद तक चला।

PTI के मुताबिक, हेस्टिंग्स थाने में ममता बनर्जी और TMCP कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन की जांच होगी। इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका भी देखी जाएगी।

शुभेंदु अधिकारी ने लगाया आदेश तोड़ने का आरोप

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर हाई कोर्ट के आदेश की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों को सड़क पर बुलाकर जाम की स्थिति बनाई गई और उन्होंने FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। अधिकारी ने मामले को हाई कोर्ट में ले जाने की बात भी कही।

दरअसल, TMCP स्थापना दिवस को लेकर TMC के दोनों गुटों ने कोर्ट में अर्जी दी थी। ममता गुट को कैथेड्रल रोड और ऋतब्रत बनर्जी गुट को रानी रासमोनी रोड पर कार्यक्रम की अनुमति मिली थी। रैली में ममता ने भाजपा और शुभेंदु अधिकारी पर हमला बोला और कार्यकर्ताओं पर अत्याचार जारी रहने पर इंटरनेशनल कोर्ट जाने की बात कही।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.