सांसद रवि किशन को धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, खुद को बताया था खेसारी लाल यादव का समर्थक

Sandesh Wahak Digital Desk: गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ल को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फोन पर रवि किशन को गोली मारने की धमकी दी थी और जाति विशेष पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।

आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है। धमकी देने के दौरान उसने खुद को बिहार के आरा जिले का निवासी बताया था, लेकिन पुलिस की जांच में पता चला कि वह वास्तव में पंजाब के लुधियाना जिले के फतेहगढ़ बग्गा कला का रहने वाला है।

आपको बता दें कि 30 अक्टूबर को सांसद रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी के मोबाइल पर आरोपी का फोन आया था।

आरोपी ने खुद को अभिनेता-नेता खेसारी लाल यादव का समर्थक बताते हुए सांसद को गोली मारने की धमकी दी और उन पर जाति विशेष पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोपी ने फोन पर खेसारी लाल यादव के एक विवादित बयान का समर्थन किया था और राम मंदिर को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणी की थी।

सांसद के निजी सचिव और पीआरओ द्वारा एसएसपी को सूचना दिए जाने के बाद, एसपी सिटी अभिनव त्यागी के निर्देशन में सर्विलांस और साइबर सेल की टीम ने कॉल डिटेल्स की जांच की। जांच में आरोपी की लोकेशन पंजाब के लुधियाना में मिली।

गोरखपुर पुलिस टीम ने पंजाब पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त अभियान चलाकर अजय कुमार यादव को लुधियाना के फतेहगढ़ बग्गा कला से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को लुधियाना से गोरखपुर लाया गया और पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Also Read: बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और अर्टिगा की सीधी टक्कर, दंपति समेत 6 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.