मणिपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और ड्रग्स बरामद, कई गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मणिपुर में सुरक्षा बल लगातार सक्रिय हैं और उन्हें बड़ी सफलता मिल रही है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने मिलकर चलाए गए अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और ड्रग्स बरामद किए हैं। इन कार्रवाइयों में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
बिष्णुपुर में हथियारों का जखीरा मिला
मणिपुर पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग पुलिस स्टेशन के तहत उयुंगमाखोंग इलाके में सुरक्षा बलों ने एक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्हें एक AK-56 राइफल, एक .303 राइफल, एक डबल बैरल बंदूक, 10 जिंदा .303 गोलियां और 10 जिंदा 7.62 मिमी गोलियां मिलीं।
इसी तरह, फौगाकचाओ इकाई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत दोपकोन और नगानुकोन गांवों के बीच भी 9 जुलाई को तलाशी अभियान चलाया गया। यहाँ एक .303 लाइट मशीन गन (LMG), दो सिंगल बैरल बंदूकें, एक .303 खाली मैगजीन, 12 बोर के सात जिंदा कारतूस और लगभग 3.9 किलोग्राम वजनी चार IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए।
ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने बताया कि 9 जुलाई को पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर से कांगपोकपी की ओर आ रहे एक चार-पहिया वाहन को तुपुल पुल पर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर 196 साबुन के डिब्बों में कुल 2.193 किलोग्राम हेरोइन और ब्राउन शुगर मिली। इस मामले में वाहन में सवार गिनमिनलेन हाओकिप (24) और होलमिनलेन खोंगसाई (30) को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।
Also Read: टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तानों का जलवा, एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

