मीरजापुर: पति के ‘इश्क’ ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, न्याय के लिए भटक रही पीड़िता
Sandesh Wahak Digital Desk: मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ददरा गांव की रहने वाली मंजू देवी के लिए उनका अपना ही घर नर्क बन गया है। मंजू ने अपने पति राजकुमार और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पति के अवैध संबंधों की वजह से आज उसका परिवार दाने-दाने को मोहताज है।
25 साल का भरोसा और 2 साल का ‘धोखा’
मंजू देवी ने बताया कि उनकी शादी को 25 साल हो चुके हैं और उनके चार बच्चे भी हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले दो सालों से राजकुमार का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। मंजू को पता चला कि उसके पति का मडईपुर सेमरा की रहने वाली एक महिला (शकुन्तला देवी) के साथ संबंध है। आरोप है कि राजकुमार अपनी सारी मेहनत की कमाई उसी महिला पर लुटा रहा है, जबकि घर में बच्चे भूखे सो रहे हैं।
बेटी की शादी का कर्ज और लेनदारों की धमकियां
मंजू का दर्द यहीं खत्म नहीं होता। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए कर्ज लिया गया था और गाड़ी की किश्तें भी बाकी हैं। पति पैसे नहीं देता, जिसकी वजह से लेनदार अब मंजू को परेशान कर रहे हैं। जब भी वह इस बात का विरोध करती है, राजकुमार उसे और बच्चों को बेरहमी से पीटता है।
रंगेहाथ पकड़ा तो मिली जान से मारने की धमकी
घटना 31 जनवरी 2026 की शाम की है। मंजू के मुताबिक, राजकुमार ने घर में मारपीट की और रखे हुए ₹20,000 छीनकर भाग निकला। मंजू ने जब पीछा किया, तो वह शकुन्तला के घर मिला। मंजू ने हिम्मत दिखाकर 1090 (महिला हेल्पलाईन) पर फोन किया और पुलिस की मदद से दोनों को रंगेहाथ पकड़वाया। आरोप है कि वहां भी पति और उसकी प्रेमिका ने मंजू के साथ अभद्रता की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
थाने से नहीं मिली मदद, अब एसपी से उम्मीद
मंजू देवी का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। हार मानकर पीड़िता मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुँची और अपना प्रार्थना पत्र सौंपा। अब उसे उम्मीद है कि कप्तान साहब के हस्तक्षेप के बाद उसे और उसके बच्चों को न्याय मिलेगा।
Also Read: ‘पीएम मोदी सच्चाई से डरे हुए हैं, इसीलिए…’, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

