Manmohan Singh Death : मनमोहन सिंह का कल 10 बजे के बाद राजघाट पर होगा अंतिम संस्कार

Manmohan Singh Death: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत आने के बाद रात करीब 8 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था।

मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश भर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि के दौरान, भारत में उन सभी स्थानों पर जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है। वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा और राष्ट्रीय शोक की अवधि के दौरान आधिकारिक रूप से कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहां पार्टी लाइन से ऊपर उठकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। सूत्रों ने बताया कि सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होने की संभावना है क्योंकि परिवार उनकी एक बेटी के अमेरिका से आने का इंतजार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भी सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य नेता भी मौजूद थे।

तमाम राजनीतिक हस्तियों ने दी श्रद्धाजंलि

राजद अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्हें उनकी ईमानदारी और उत्कृष्ट आर्थिक नीतियों के लिए याद किया जाएगा

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारे देश के लिए उनके योगदान को भारत हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

पूर्व वित्त मंत्री और दो बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। वह 92 साल के थे। मनमोहन सिंह को बृहस्पतिवार की शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।

उनका पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार देर रात एम्स से उनके आवास पर ले जाया गया। कांग्रेस नेता सिंह 2004 से 2014 तक, 10 वर्ष देश के प्रधानमंत्री रहे और उससे पहले उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में मदद की। वह वैश्विक वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध नाम थे।

Also Read: मनमोहन सिंह ने 1991 के ऐतिहासिक केंद्रीय बजट का बचाव कैसे किया?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.