पहलगाम आतंकी हमले पर भड़के मनोज मुंतशिर, वीडियो में आतंकियों को लताड़ा, कहा- “अब और चुप नहीं रहेंगे”
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे देशभर में गुस्से का माहौल है। सरकार ने इस पर सख्त कदम उठाते हुए 48 घंटे के भीतर सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश जारी किया है। साथ ही सिंधु जल समझौते को भी फिलहाल रोक दिया गया है।
मनोज मुंतशिर हमले पर दी तीखी प्रतिक्रिया

बॉलीवुड के प्रसिद्ध लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इस हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को जारी किए गए अपने वीडियो में उन्होंने न सिर्फ आतंकियों की कड़ी आलोचना की, बल्कि आतंकवाद पर चुप्पी साधे बैठे लोगों को भी आड़े हाथों लिया। वीडियो में मुंतशिर कहते हैं, “बधाई हो, ये गोलियां आपके किसी अपने को नहीं लगीं… लेकिन कितने दिन बचोगे?”
उन्होंने आगे कहा कि अब वक्त आ गया है जब देश को एकजुट होकर आतंकवाद का सामना करना होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि केवल सोशल मीडिया पर गुस्सा दिखाने से कुछ नहीं होगा, बल्कि असली ताकत जमीन पर दिखानी होगी।
मनोज मुंतशिर ने ट्रोलर्स को भी दिया जवाब

अपने वीडियो में उन्होंने उन ट्रोलर्स को भी जवाब दिया जो आतंकवाद को धर्म से जोड़ने पर आपत्ति जताते हैं। उन्होंने कहा कि “आतंकवाद का कोई मजहब नहीं” जैसी बातें करना अब खोखला ज्ञान बन चुका है। उन्होंने संतोष जगदाले और मंजूनाथ जैसे पीड़ितों का ज़िक्र करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि अब और सहन नहीं किया जा सकता।
बता दे, मनोज मुंतशिर की यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और देशभर से लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

