लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में महापौर सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

Sandesh Wahak Digital Desk: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर निगम लखनऊ के मुख्यालय में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व संगठन मंत्री एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य जय प्रकाश चतुर्वेदी ने विशेष रूप से शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों द्वारा किए गए पारंपरिक मंत्रोच्चार एवं सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों को योगासनों एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित जनसमूह को ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि आसनों का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

Sushma Kharkwal

इस अवसर पर नगर निगम के उपसभापति गिरीश गुप्ता, पार्षद दल के उप नेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, माननीय पार्षदगण एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा, योग हमारी संस्कृति की अमूल्य देन है, जो हमें न केवल स्वस्थ शरीर देता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक सुदृढ़ता भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और निरोगी जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Also Read: योग से भारत ने विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.