मार्क जुकरबर्ग की पुरानी हुडी 13 लाख में नीलाम, स्कूली बच्चों की शिक्षा पर खर्च होगी रकम

Sandesh Wahak Digital Desk: Meta के CEO और फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की एक पुरानी हुडी हाल ही में 13 लाख रुपये से ज्यादा में नीलाम हुई। इस हुडी की खासियत यह थी कि यह फेसबुक के शुरुआती दिनों की थी और इस पर जुकरबर्ग का हाथ से लिखा एक नोट भी था। नीलामी में यह हुडी 15,875 डॉलर (करीब 13.1 लाख रुपये) में बिकी, जबकि शुरुआत में इसकी कीमत 1,000 से 2,000 डॉलर के बीच रहने का अनुमान लगाया गया था।

नीलामी में मिली उम्मीद से ज्यादा कीमत

जूलियन्स ऑक्शन्स (Julien’s Auctions) ने इस हुडी को अपनी विशेष नीलामी “स्पॉटलाइट: हिस्ट्री एंड टेक्नोलॉजी” के तहत गुरुवार को बेचा। इस हुडी के लिए कुल 22 बोलियां लगीं और आखिरकार यह 15,875 डॉलर में खरीदी गई। इसे खरीदने वाले व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया गया है।

मार्क जुकरबर्ग ने इस हुडी को 2010 के दौरान कई मौकों पर पहना था। इसी साल उन्हें टाइम मैगजीन ने “पर्सन ऑफ द ईयर” के खिताब से नवाजा था। साथ ही, इसी वर्ष उनके जीवन पर आधारित हॉलीवुड फिल्म “द सोशल नेटवर्क” रिलीज़ हुई थी, जिसने फेसबुक की शुरुआती कहानी को बड़े पर्दे पर उतारा था।

हुडी की खासियत और जुकरबर्ग का बयान

नीलामी के दौरान बताया गया कि यह हुडी फेसबुक के शुरुआती दिनों का एक ऐतिहासिक प्रतीक है। इसकी आंतरिक परत पर फेसबुक का मूल मिशन वक्तव्य छपा हुआ है। मार्क जुकरबर्ग ने कहा, “यह मेरे सबसे पसंदीदा फेसबुक हुडीज़ में से एक है। शुरुआती दिनों में मैं इसे लगभग हर समय पहना करता था।”

स्कूली बच्चों के लिए खर्च होगी नीलामी से मिली राशि

इस नीलामी से जो रकम जुटाई गई है, उसे टेक्सास के स्कूली बच्चों की शिक्षा और कल्याण पर खर्च किया जाएगा। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान मानी जा रही है, जिससे सैकड़ों बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

बता दे, मार्क जुकरबर्ग पहले भी शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्यों में योगदान देते रहे हैं। उनकी संस्था “चैन जुकरबर्ग इनिशिएटिव” भी कई शिक्षा और हेल्थकेयर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है।

Also Read: Bangladesh: मुहम्मद यूनुस का नया कदम, शेख हसीना शासन के अत्याचारों के दस्तावेजीकरण की पहल…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.