अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 8 श्रमिकों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ वस्त्राल इलाके के रामोल-गतराड रोड पर संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस भयावह हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रिहायशी इलाके के पास चल रही यह पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह से अवैध रूप से संचालित की जा रही थी।

धमाका इतना शक्तिशाली और तीव्र था कि इसकी गूंज लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के प्रभाव से फैक्ट्री में काम कर रहे कई श्रमिकों के शवों के चिथड़े उड़ गए। मलबे और आग से झुलसे घायलों में से 4 को इलाज के लिए एलजी अस्पताल और 3 को असरवा सिविल अस्पताल में आपातकालीन उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

देवदूत बने आरएएफ के जवान, मलबे में दबे लोगों को निकाला

यह अवैध फैक्ट्री वस्त्राल स्थित रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) कैंप के ठीक पीछे चल रही थी। धमाके की कान फोड़ने वाली आवाज सुनते ही कैंप में तैनात आरएएफ के जवान बिना एक पल गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए मलबे और आग के बीच फंसे घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। बाद में दमकल विभाग की 5 से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और फिलहाल कूलिंग की प्रक्रिया जारी है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट और अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के फायर ब्रिगेड के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही कानून व्यवस्था संभालने और स्थिति का जायजा लेने के लिए जोन-8 के डीसीपी मयूर पाटिल और सेक्टर-2 के जेसीपी जयपाल सिंह राठौड़ भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की निगरानी करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

Also Read: Bareilly News: अफीम तस्करी का भंडाफोड़, ढाई लाख की अफीम के साथ रामपुर का तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.