पाकिस्तान के क्वेटा में भीषण बम धमाका, 2 की मौत, 15 लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में जरघून रोड पर मंगलवार को एक भीषण बम धमाका हुआ है। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद इलाके में भीषण गोलीबारी भी होने की खबर है, जिसने पूरे शहर में दहशत फैला दी है।

पुलिस के अनुसार, जरघून रोड के पास हुआ यह विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां और दरवाजे तक टूट गए। धमाके के तुरंत बाद पुलिस, बचाव दल और फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी है और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया गया है।

पाकिस्तानी मीडिया के सूत्रों से शुरुआती जानकारी मिली है कि यह हमला आत्मघाती हो सकता है। घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता हुआ दिखाई दिया, जिससे विस्फोट की तीव्रता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

सभी अस्पतालों में आपातकाल की घोषणा

बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने हालात की गंभीरता को देखते हुए शहर भर के सभी अस्पतालों में आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी है। सभी डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है।

Also Read: वाराणसी में मिशन शक्ति के तहत 501 कन्याओं का पूजन, मंत्री और अधिकारियों ने धोए पांव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.